छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए बिछा ‘रेड कारपेट’; हैदराबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में मिले 9,580 करोड़ के प्रस्ताव, खुलेंगे 7,800 रोजगार के रास्ते

रायपुर/हैदराबाद: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ (Chhattisgarh Investor Connect) कार्यक्रम में देश की 7 बड़ी कंपनियों ने राज्य में 9,580 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में हुए इन करारों से प्रदेश में 7,800 से अधिक रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

‘छत्तीसगढ़ तेजी से उभर रहा है ग्रोथ इंजन के रूप में’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण में छत्तीसगढ़ एक प्रमुख ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों को न्योता देते हुए कहा कि राज्य में निवेशकों के लिए ‘रेड कारपेट’ बिछा हुआ है। उद्योगों के लिए यहाँ सिंगल विंडो क्लीयरेंस, आसान प्रक्रियाएं और उद्योग-अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद से राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।

इन 7 बड़ी कंपनियों ने दिया निवेश का प्रस्ताव (एक नजर में)

कंपनी का नाम क्षेत्र (Sector) निवेश राशि (करोड़ में) संभावित रोजगार
हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर ₹4,200 करोड़ 250
फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड सीमेंट उद्योग ₹2,912 करोड़ 4,000
निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड AI, सेमीकंडक्टर व एडवांस कंप्यूटिंग ₹1,000 करोड़ 200
एसजी मार्ट लिमिटेड सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण ₹700 करोड़ 450
श्री सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड अत्याधुनिक टेक्सटाइल व परिधान ₹528 करोड़ 2,500
काबरा ड्रग्स फार्मास्यूटिकल (दवा निर्माण) ₹200 करोड़ 250
दिनशॉज़ डेयरी फूड्स प्रा. लि. डेयरी प्रसंस्करण ₹40 करोड़ 150

देश का पहला समर्पित ‘डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर’ बनेगा छत्तीसगढ़ में

इस इन्वेस्टर मीट की सबसे बड़ी उपलब्धि हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर का प्रस्ताव रहा। कंपनी छत्तीसगढ़ में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने जा रही है। ₹4,200 करोड़ के इस प्रोजेक्ट से राज्य डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का एक बड़ा हब बनकर उभरेगा।

रायपुर में बनेगा 650 बिस्तरों का चौरिटेबल अस्पताल

हैदराबाद दौरे के दौरान स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन के प्रतिनिधियों ने भी सीएम विष्णुदेव साय से मुलाकात की। संगठन ने रायपुर के टाटीबंध इलाके में 650 बिस्तरों वाले एक भव्य चौरिटेबल अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव रखा है, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ा विस्तार मिलेगा।

इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित दक्षिण भारत के कई बड़े उद्योगपति, टेक एक्सपर्ट्स और शासन के वरिष्ठ अधिकारी (प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग सचिव रजत कुमार, और इन्वेस्टमेंट कमिश्नर रितु सैन) विशेष रूप से मौजूद रहे।