छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून: बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से रायपुर-बस्तर समेत 16 जिलों में 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर, 16 जुलाई 2026:

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के ऊपर एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती घेरा) एक्टिव हो गया है। इस मजबूत सिस्टम के कारण राज्य में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेजी से बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग ने राज्य के मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के इलाकों में अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

रायपुर और बस्तर संभाग में विशेष चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस नए सिस्टम का सबसे ज्यादा असर बस्तर और रायपुर संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा। विभाग ने इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ-साथ तेज अंधड़ (आंधी-तूफान) चलने और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली (Lightening) गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

16 जिलों में सूखे जैसे हालात से मिलेगी राहत

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ के करीब 16 जिलों में मानसून की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई थी, जिससे किसान और आम जनता उमस और बढ़ती गर्मी से परेशान थे। कई इलाकों में खंड वर्षा (रुक-रुक कर कम बारिश) होने से फसलों पर भी संकट मंडराने लगा था। लेकिन, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण अब इन प्रभावित जिलों में दोबारा अच्छी बारिश होने की उम्मीद जग गई है, जिससे खेती-किसानी के कामों को नई रफ्तार मिलेगी।