बीरगांव: ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत अछोली दर्री तालाब क्षेत्र में जागरूकता, नागरिकों को दिया 4 बीन कॉन्सेप्ट का संदेश

बीरगांव: नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के मार्गदर्शन में संचालित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 अछोली दर्री तालाब क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

नागरिकों को समझाया गया ‘4 बीन कॉन्सेप्ट’

अभियान के दौरान निगम की टीम द्वारा क्षेत्र में डोर-टू-डोर (घर-घर) संपर्क कर नागरिकों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर नागरिकों को 4 बीन कॉन्सेप्ट के अंतर्गत कचरा पृथक्करण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में ही:

  1. गीले कचरे

  2. सूखे कचरे

  3. घरेलू हानिकारक अपशिष्ट

  4. स्वच्छता अपशिष्ट

को अलग-अलग रखें और निगम के स्वच्छता अभियान में अपना सहयोग प्रदान करें।


‘कैच द रेन’ और मौसमी बीमारियों से बचाव की दी गई सलाह

स्वच्छता के साथ-साथ नागरिकों को “कैच द रेन” अभियान के तहत वर्षा जल संरक्षण एवं जल संचयन के महत्व से भी अवगत कराया गया। टीम ने लोगों को बारिश के पानी को संरक्षित करने के लिए आवश्यक उपाय अपनाने हेतु प्रेरित किया।

जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम की टीम ने नागरिकों को डायरिया एवं डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों के कारण, लक्षण एवं उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। लोगों से अपने घरों व आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कहीं भी पानी जमा न होने देने तथा स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने की अपील की गई ताकि बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।