नगर निगम बीरगांव के वार्ड 12 में सेवा संकल्प सेवा सेतु एवं सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित, PPE किट का हुआ वितरण

बीरगांव। नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के कुशल मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक 12 स्थित रामायण मेला मैदान में ‘सेवा संकल्प सेवा सेतु’ के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और आवश्यक सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ उपलब्ध कराया गया।
इसी श्रृंखला में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों के लिए ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर’ का भी आयोजन किया गया।
350 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। इस आयोजन में नगर निगम के 200 से अधिक कर्मचारियों एवं 150 से अधिक आम नागरिकों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांचें की गईं।
स्वच्छता दीदियों को मिली PPE किट
स्वच्छता कार्य में निरंतर संलग्न स्वच्छता दीदियों को कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से PPE किट का वितरण किया गया, ताकि वे स्वच्छता कार्य करते समय आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर सकें।
आयुक्त ने स्वास्थ्य व सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में लगे सफाई मित्रों एवं स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे शिविरों के माध्यम से कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आम जनमानस को भी शासकीय योजनाओं व सेवाओं से सीधे जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां, सफाई मित्र एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

