राजनांदगांव की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच

राजनांदगांव। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद किया। इस अवसर पर वे वड़नगर-वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा के स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन, एकाग्रता और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव की पहचान देशभर में खेल नगरी के रूप में है। यहां की अनेक खेल प्रतिभाओं ने प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के जीवन में एकाग्रता का विशेष महत्व है। लक्ष्य निर्धारित कर उसके प्रति पूरी तरह केंद्रित रहना और अनुशासन के साथ निरंतर प्रयास करना सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा को लगातार निखारें और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रदेश की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां विभिन्न खेल विधाओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने एशियन गेम्स-2026 में स्वर्ण पदक हासिल किया है। संजू देवी बिलासपुर स्थित बहतराई कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने जूनियर महिला हॉकी एशिया कप विजेता टीम की सदस्य छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार तथा कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।
छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य प्रायोजित हॉकी लीग का आयोजन
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि हॉकी लीग के लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। पहले दिन के ट्रायल में 223 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह टीमों का गठन किया जाएगा। राजनांदगांव की टीम को यहां की सांस्कृतिक पहचान और गौरव से जोड़ते हुए ‘संस्कारधानी’ नाम दिया गया है। इसी तरह अन्य टीमों के नाम भी संबंधित क्षेत्रों की स्थानीय एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर तय किए जाएंगे।
अरुण साव ने कहा कि इस हॉकी लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ ही छत्तीसगढ़ की स्थानीय संस्कृति और पहचान को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
खेल प्रतिभाओं को निखारने पर सरकार का फोकस
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘खेलो इंडिया’ सहित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विकसित भारत के निर्माण में आर्थिक प्रगति के साथ खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत को खेलों के क्षेत्र में भी विश्व के अग्रणी देशों में शामिल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। छत्तीसगढ़ में भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
वड़नगर-वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा का राजनांदगांव में स्वागत
कार्यक्रम के दौरान वड़नगर-वाराणसी सेवा संकल्प अभियान यात्रा के तहत राजनांदगांव पहुंचे बाइकर्स का स्वागत किया गया। अरुण साव ने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि गुजरात के वड़नगर से शुरू हुई यह सेवा यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली से जुड़ी है। उन्होंने युवाओं से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ समाज के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि वड़नगर से वाराणसी तक निकली यह यात्रा सेवा, आस्था और सामाजिक सरोकारों का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने यात्रा में शामिल सेवा यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में यात्राओं का विशेष महत्व रहा है। सेवा और सद्भावना के उद्देश्य से आयोजित ऐसी यात्राएं समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का माध्यम बनती हैं।
उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों को मां बम्लेश्वरी मंदिर सहित छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी तथा यात्रा की सफलता की कामना की। उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने अनुभव साझा करने तथा सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव ने भी युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित किया।
इस अवसर पर सेवा संकल्प यात्रा के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, सौरभ कोठारी और गीता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं युवा उपस्थित रहे।

