बीरगांव को CM विष्णु देव साय की बड़ी सौगात: 135 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, 110 करोड़ की नई घोषणाएं; बनेगा नालंदा परिसर और मॉडल रजिस्ट्री ऑफिस

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इसके साथ ही उन्होंने बीरगांव की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगभग 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। बीरगांव स्टेट कैपिटल रीजन (State Capital Region) का हिस्सा है, जिसके तहत इसके सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

बीरगांव के लिए प्रमुख घोषणाएं:

  • सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP): 82 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण।

  • ओवरहेड टैंक व पाइपलाइन विस्तार: 10 करोड़ रुपये।

  • नालंदा परिसर (Nalanda Campus): छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं के युवाओं के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अध्ययन केंद्र।

  • सड़क, नाली व खेल मैदान: सड़क-नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ और सरोरा में खेल मैदान विकास के लिए 5 करोड़ रुपये।

  • अन्य विकास कार्य: मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय, विद्युत मंडल का नया जोन कार्यालय, सर्व मांगलिक भवन (1 करोड़) और ई-लाइब्रेरी का निर्माण।

7 क्षेत्रों में मिलेंगे आवासीय पट्टे

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराकर पात्र गरीब व जरूरतमंद परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे दिए जाएंगे।

सफाई मित्रों का सम्मान और ‘एक पेड़ मां के नाम’

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया। इसके साथ ही उन्होंने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन समर्पित किए और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, विधायक भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।