हाईकोर्ट की पुलिस और NHAI को कड़ी फटकार: सड़क हादसों पर बिलासपुर HC ने पूछा— “क्या पुलिस का काम सिर्फ गाय हांकना है?”
बिलासपुर:
छत्तीसगढ़ में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और मौतों पर बिलासपुर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश में एक साल के भीतर सड़क हादसों में 6,967 लोगों की जान जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस व्यवस्था और एनएचएआई (NHAI) की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े किए हैं।
“क्या पुलिस का काम सिर्फ गाय हांकना है?”
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए पूछा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस क्या कदम उठा रही है? कोर्ट ने कहा— “क्या पुलिस का काम सिर्फ गाय हांकना रह गया है?” अदालत ने राज्य में सड़कों की बदहाल स्थिति, अवैध कब्जों और यातायात नियमों के लचर पालन पर गहरी नाराजगी जताई।
NHAI और जिला कलेक्टर्स से मांगा शपथपत्र
हाईकोर्ट ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर्स को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और ब्लैक स्पॉट्स को ठीक करने के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत रिपोर्ट शपथपत्र (Affidavit) के माध्यम से कोर्ट में प्रस्तुत करें।
अदालत की इस तल्खी के बाद राज्य प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
