बस्तर में ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ का आगाज: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अगुवाई में कर्रेगुट्टा तक निकलेगी बाइक रैली; शहीदों के नाम पर रखे जाएंगे 500 स्कूलों के नाम

जगदलपुर/रायपुर (UPI24 News): स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बस्तर अंचल में ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ का भव्य शुभारंभ हो गया है। यह ऐतिहासिक यात्रा 12 अगस्त से शुरू होकर पूर्व में नक्सल प्रभाव वाले क्षेत्रों से गुजरते हुए कर्रेगुट्टा तक जाएगी।

महिला बाइकर्स और जवानों की संयुक्त सहभागिता प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बताया कि यह बाइक रैली राष्ट्रीय गौरव और बस्तर की शांति-विकास की नई तस्वीर पेश करती है। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला बाइकर्स (Woman Bikers) और सुरक्षा बलों के जवान हाथ में तिरंगा थामे कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता कर रहे हैं।

शहीद स्थलों से संग्रहित की जाएगी पवित्र मिट्टी यात्रा के दौरान बस्तर की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के स्मारक स्थलों पर नमन किया जाएगा और वहां से पवित्र मिट्टी एकत्र की जाएगी। इस मिट्टी को भविष्य में बनने वाले शहीद स्मारक संग्रहालय में सहेजा जाएगा।

15 अगस्त को 500 से अधिक भवनों व स्कूलों का होगा नामकरण उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय बस्तर संभाग के 500 से अधिक शासकीय स्कूलों एवं भवनों का नामकरण वीर बलिदानियों के नाम पर करने की ऐतिहासिक घोषणा करेंगे। इस पहल से आने वाली पीढ़ियां बस्तर के शूरवीरों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकेंगी।