आदिवासी और जनजाति एक ही समाज, कांग्रेस क्यों कर रही भेदभाव? किरण सिंहदेव ने साधा निशाना; बोले- 50 साल सत्ता में रही, फिर भी नहीं बनाया अलग मंत्रालय
रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने आदिवासी और जनजाति शब्द को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आदिवासी और जनजाति दोनों एक ही समाज के अंग हैं, ऐसे में इनके बीच अंतर पैदा करने की कोशिश क्यों की जा रही है? कांग्रेस लंबे समय तक केंद्र की सत्ता में रही, लेकिन जनजातीय समाज के विकास के लिए अलग मंत्रालय तक नहीं बना सकी।
शनिवार को रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किरण सिंहदेव ने कहा कि बीजेपी सरकार जनजातीय समाज के उत्थान और विकास के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्र सरकार की एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं इस समाज के विकास के लिए संचालित की जा रही हैं। इनमें धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं भी शामिल हैं।
कांग्रेस बताए, जनजातीय समाज के लिए क्या किया?
किरण सिंहदेव ने कांग्रेस से सवाल किया कि करीब 50 से 55 वर्षों तक केंद्र में सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी ने जनजातीय समाज के विकास के लिए कौन-सी योजनाएं शुरू कीं? उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके अधिकारों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा, बोली और पहनावा अलग, लेकिन समाज एक
आदिवासी और जनजाति शब्दों पर चल रही बहस को लेकर उन्होंने कहा कि बस्तर में हर 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर अलग-अलग जनजातीय समुदाय मिलते हैं। उनकी भाषा, बोली, खान-पान और पहनावा भले ही अलग-अलग हो, लेकिन सभी जनजातीय समाज का हिस्सा हैं। ऐसे में आदिवासी और जनजाति को अलग-अलग बताकर भेदभाव पैदा करना उचित नहीं है।
बिरसा मुंडा से लेकर गुंडाधुर तक का किया उल्लेख
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से देश और प्रदेश के जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान दिया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा के रूप में याद किया जाता है। वहीं बस्तर के वीर गुंडाधुर और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान नायकों ने भी समाज और देश के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है। उनके संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना सभी का दायित्व है।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस
किरण सिंहदेव ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सरगुजा, जशपुर और आसपास के जनजातीय क्षेत्रों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग इस आयोजन में शामिल होंगे।
