देश की जनता को महँगाई का एक और झटका , बढ़ने वाला है ऑटो-टैक्सी का किराया…

नई दिल्ली , 26 सितंबर 2022 : दिल्ली में जल्द ही ऑटो और टैक्सी से सफर करना महंगा हो सकता है। दिल्ली सरकार ने ऑटो, टैक्सी का किराया बढ़ाने की सिफारिशों को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, साथ ही वित्त विभाग ने भी किराया बढ़ाने के प्रस्ताव को हरी झंडी देकर अंतिम मंजूरी के लिए सरकार के पास भेज दिया है। बताया जा रहा है कि किराया बढ़ाने का प्रस्ताव अब कैबिनेट में मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही बढ़ा किराया लागू कर दिया जाएगा।
बता दें है कि दिल्ली में सीएनजी के बढ़ते दामों को देखते हुए सरकार ने ऑटो, टैक्सी का किराया बढ़ाने के लिए 13 सदस्यीय किराया निर्धारण समिति का गठन किया था। किराया निर्धारण समिति ने जून में ही किराया बढ़ाने की सिफारिश कर अपनी रिपोर्ट सरकार के पास भेज दी थी, इसके बाद किराया निर्धारण समिति की सिफारिशों को परिवहन विभाग ने मंजूरी देते हुए इसे सरकार के पास भेज दिया था। लंबे समय से यह फाइल वित्त विभाग के पास पड़ी हुई थी, जो अब आगे बढ़ गई है।
किराया निर्धारण समिति ने प्रति किलोमीटर की दरें बढ़ाने के साथ ही बेस किराया यानी ऑटो या टैक्सी में बैठते ही जो न्यूनतम किराया है, वह भी बढ़ाया है। आपको बता दें कि इससे पहल 2019 में भी ऑटो किराया बढ़ा था, उस समय भी बेस प्राइस के अलावा प्रति किलोमीटर 1.50 रुपये के हिसाब से किराया बढ़ा था।
जानकारी के अनुसार ऑटो का वर्तमान में बेस किराया 25 रुपये है, जिसे बढ़ाकर 30 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है। वहीं टैक्सी का 25 रुपये से 40 रुपये, जबकि टैक्सी (एसी) का 25 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है, इसके अलावा वर्तमान में ऑटो का प्रति किलोमीटर किराया 9.0 रुपये है, जिसे बढ़ाकर 11 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है। टैक्सी का 14 रुपये से 17 रुपये करने का प्रस्ताव है। वहीं टैक्सी (एसी) का 16 रुपये से 20 रुपये होने का प्रस्ताव है।