आनंदम वर्ल्ड सिटी में होलिका दहन के दौरान आग भड़की, फायर ब्रिगेड ने देर रात पाया काबू

रायपुर।

राजधानी के कचना स्थित आनंदम वर्ल्ड सिटी क्षेत्र में होलिका दहन के दौरान लगी आग ने देर रात अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं और ऊंची लपटों के कारण आसपास का क्षेत्र कुछ समय के लिए दहशत में आ गया। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।

यह घटना रायपुर पुलिस कमिश्नरी के खमारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होलिका दहन के बाद आधी रात को आग सूखे पेड़-पत्तों और आसपास फैली ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई, जिससे लपटें तेजी से फैलने लगीं। हवा की रफ्तार ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।

आग की लपटें पास में बने मजदूरों के अस्थायी आवासों की ओर बढ़ने लगी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को श्रमिक बस्तियों तक पहुंचने से पहले ही नियंत्रित कर लिया।

अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या धनहानि नहीं हुई है। एहतियातन क्षेत्र में कुछ समय तक निगरानी भी रखी गई।

स्थानीय प्रशासन ने होलिका दहन जैसे आयोजनों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

You may have missed