छत्तीसगढ़ के 8 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर बरकरार, दक्षिणी इलाकों में बारिश के आसार; अगले 24 घंटे बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का प्रभाव अब भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के आठ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा शामिल हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके चलते रात और सुबह के समय ठंड का अहसास बढ़ेगा।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में कई जगह हुई बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हुई। इस दौरान पखांजूर में सबसे अधिक 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं सुकमा में 7 सेंटीमीटर और कोंटा में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
आंध्र प्रदेश के ऊपर सक्रिय है कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र 4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक सक्रिय था। इसे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का अवशेष माना जा रहा है। इसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ने और अगले 12 घंटों में कमजोर पड़ने की संभावना है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है।
रायपुर में बादल छाए रहने का अनुमान
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
