PM मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त पर विवादित पोस्ट मामले में अमित जोगी सिविल लाइन थाने पहुंचे, FIR को लेकर दर्ज कराया बयान
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित विवादित पोस्ट के मामले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी मंगलवार को सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया। इस मामले में भाजपा विधायक राजेश मूणत की शिकायत पर अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दर्ज हुई थी FIR
दरअसल, अमित जोगी की ओर से सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया गया था। इस पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए विधायक राजेश मूणत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस जुटा रही पोस्ट से जुड़े तथ्य
मामले में पुलिस की विवेचना जारी है। अमित जोगी से पोस्ट के संबंध में पूछताछ कर पुलिस संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
अमित जोगी के थाने पहुंचकर बयान दर्ज कराने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ेगी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।
