रायपुर दक्षिण में 32 लाख के विकास कार्यों की सौगात, विधायक सुनील सोनी ने किया भूमिपूजन; सीसी रोड और नाली निर्माण से मिलेगी राहत
रायपुर। राजधानी के रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक सुनील सोनी ने बुधवार को चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 के अंतर्गत गोकुल नगर और चौरसिया प्रथम कॉलोनी में करीब 32 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सीसी रोड और नाली निर्माण शामिल हैं। विधायक ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
तीन स्थानों पर होंगे निर्माण कार्य
नगर निगम जोन क्रमांक 6 क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों के तहत गोकुल नगर प्रथम गली नंबर 1 एवं 2 में 9 लाख 99 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। वहीं, गोकुल नगर गली नंबर 3 में 9 लाख 91 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण होगा। इसके अलावा चौरसिया प्रथम कॉलोनी के पास 9 लाख 42 हजार रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया जाएगा।
इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
समय सीमा और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक सुनील सोनी ने नगर निगम जोन 6 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह और सहायक अभियंता अंकुर अग्रवाल को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों और वार्डवासियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर नगर निगम जोन 6 के जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, वार्ड क्रमांक 60 के पार्षद रमेश सपहा, पार्षद रवि सोनकर, प्रमोद कुमार साहू, एल्डरमैन मनीष करडभुजे, मंडल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
वार्ड पार्षद रमेश सपहा ने क्षेत्र में करीब 32 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने पर विधायक सुनील सोनी का वार्डवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
