स्वनिधि महोत्सव बना जीरो वेस्ट आयोजन की मिसाल: बांस की प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों से परोसा गया भोजन, 2500 लोगों के कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक का नामोनिशान नहीं
रायपुर: नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों में प्लास्टिक के इस्तेमाल की अनिवार्यता को चुनौती देते हुए पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल पेश की है। करीब 2500 लोगों के खानपान, बीसियों फूड स्टॉलों, पेयजल और सजावट की व्यापक व्यवस्थाओं के बावजूद पूरे आयोजन में कहीं भी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं हुआ।
खानपान से लेकर पेयजल तक बदली व्यवस्था
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के लगभग 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। आयोजन को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए विशेष नवाचार किए गए:
-
बीसियों फूड स्टॉलों पर प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों के बजाय बांस से बनी प्लेटों और प्लास्टिक के चम्मचों की जगह लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया।
-
प्लास्टिक के कप और गिलासों के स्थान पर कागज के गिलास में पानी परोसा गया।
-
पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलें और पाउच उपलब्ध कराने के बजाय वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की गई।
-
आवश्यकता के अनुसार जैव निम्नीकरणीय (Biodegradable) और कम्पोस्ट योग्य सामग्री को प्राथमिकता दी गई।
सजावट में भी नवाचार, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण का इंतजाम
महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का प्रयोग केवल खानपान तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में भी ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसका दोबारा उपयोग किया जा सके। इसके साथ ही कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया:
-
गीले, सूखे और अन्य अस्वीकृत अपशिष्ट को निकलने के स्थान पर ही अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था की गई।
-
कार्यक्रम के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण के इंतजाम किए गए, जिससे अपशिष्ट की मात्रा न्यूनतम रही।
आर्थिक सशक्तीकरण के उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह अनूठा प्रयोग रायपुर में भविष्य के बड़े आयोजनों के लिए एक अनुकरणीय पहल के रूप में सामने आया है।
