रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, 4 थाना प्रभारियों के तबादले; तेलीबांधा, आमानाका और उरला थाने को मिले नए प्रभारी
रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक कसावट लाने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 13 नवंबर को चार निरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत तेलीबांधा, आमानाका और उरला थानों के प्रभारियों को बदल दिया गया है। वहीं, टिकरापारा थाना प्रभारी को रक्षित केंद्र रायपुर भेजा गया है।
इन निरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी
पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अजय झा को तेलीबांधा थाने से स्थानांतरित कर आमानाका थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, आमानाका में पदस्थ निरीक्षक सुधांशु बघेल को उरला थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी तरह उरला थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित मालाकार को तेलीबांधा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक बालेश्वर लहरे को रक्षित केंद्र रायपुर में पदस्थ किया गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से जारी आदेश में सभी तबादलों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। नई पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से की गई हैं।
इस फेरबदल के बाद राजधानी के तीन प्रमुख थानों में नई जिम्मेदारियों के साथ पुलिसिंग की कमान संभाली जाएगी।
