रायपुर: स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारी सरकार का संकल्प – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

– मुख्यमंत्री श्री साय ने देवपुरी में सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल का किया शुभारंभ – छत्तीसगढ़ मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में तेजी से हो रहा विकसित

रायपुर, 11 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी संकल्प के साथ स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ आज मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल के शुभारंभ समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का लोकार्पण किया और वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।

प्रदेश में ही मिलेंगी बेहतर और आधुनिक उपचार सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के समय मरीजों को उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ के साथ कई व्यावहारिक कठिनाइयां आती हैं। राज्य सरकार का यह निरंतर प्रयास है कि प्रदेशवासियों को विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं छत्तीसगढ़ में ही मिल सकें। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों के खुलने से दूसरे राज्यों पर निर्भरता लगातार कम होगी।

नवा रायपुर में 200 एकड़ में मेडिसिटी का निर्माण

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ को मेडिकल टूरिज्म और चिकित्सा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे न सिर्फ स्वास्थ्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और चिकित्सा क्षेत्र में नए अवसर भी सृजित होंगे।

डबल इंजन सरकार से स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए सीएम साय ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़ी आर्थिक सुरक्षा दी है। हमारी सरकार का स्पष्ट मानना है कि आर्थिक अभाव किसी भी नागरिक के इलाज में बाधा नहीं बनना चाहिए। जिला अस्पतालों से लेकर सुदूर वनांचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित कई गणमान्य नागरिक और चिकित्सक उपस्थित रहे।