छत्तीसगढ़ में 18 पुलिस अधिकारियों के तबादले, नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और राज्य पुलिस सेवा के 18 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2021 से 2024 बैच तक के अधिकारियों को विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) और सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) स्तर के पद शामिल हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
पुलिस मुख्यालय में कई अधिकारियों की नियुक्ति
बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) के पद पर कार्यरत अमन कुमार रमन कुमार को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (SIA) नियुक्त किया गया है। नारायणपुर में पदस्थ अजय कुमार को पुलिस अधीक्षक (SIB) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आकाश श्रीमाल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अ.वि.) और अक्षय प्रगोद सबद्रा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध) बनाया गया है। वहीं, दुर्ग के बघेरा स्थित एसटीएफ में पदस्थ आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (ANTF) की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में बीजापुर में पदस्थ रविन्द्र कुमार मीणा को पुलिस अधीक्षक (चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध) नियुक्त किया गया है। सुकमा में कार्यरत रोहित कुमार शाह को 15वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, बीजापुर का सेनानी बनाया गया है।
विभिन्न जिलों में ASP (ऑप्स) की नई नियुक्तियां
जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक सुमीतकुमार दत्ताहारी को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), कांकेर पदस्थ किया गया है। रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यरत ईशु अग्रवाल को ASP (ऑप्स), नारायणपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रायगढ़ के नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को ASP (ऑप्स), सुकमा और राजनांदगांव की नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन को ASP (ऑप्स), जगदलपुर नियुक्त किया गया है।
कोरबा के नगर पुलिस अधीक्षक विमल कुमार पाठक को ASP (ऑप्स), नारायणपुर भेजा गया है। दुर्ग के CSP हर्षित मेहर को ASP (ऑप्स), कोंडागांव तथा अंबिकापुर के CSP राहुल बंसल को ASP (ऑप्स), बीजापुर की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशिक्षु अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग
तबादला आदेश में प्रशिक्षु अधिकारियों को भी नई पदस्थापना दी गई है। प्रशिक्षु IPS अंशिका जैन को नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रशिक्षु अधिकारी साकोर मानसी नानाभाउ को रायपुर नगरीय क्षेत्र के आजाद चौक में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी आदित्य कुमार को नगर पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव और प्रतीक बंसोडे को नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

