छत्तीसगढ़ की किरण पिस्दा भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित

छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली फुटबॉलर किरण पिस्दा को भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में जगह मिली है। बालोद जिले के आदिवासी परिवार से आने वाली किरण 8 और 11 अक्टूबर को कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में रूस के खिलाफ होने वाले दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।

रायपुर की आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी से प्रशिक्षण हासिल कर आगे बढ़ीं किरण इससे पहले वर्ष 2022 की एसएएफएफ चैंपियनशिप और एएफसी महिला एशियन कप 2026 के क्वालीफायर्स में भी भारत की ओर से खेल चुकी हैं। उन्होंने अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत फॉरवर्ड के रूप में की थी, लेकिन अब वे फुल-बैक यानी डिफेंडर की जिम्मेदारी निभा रही हैं।

किरण का अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2023 में उन्होंने क्रोएशिया के क्लब डिनामो की ओर से खेलते हुए क्रोएशियाई कप जीतने वाली टीम में स्थान बनाया था। इससे पहले वर्ष 2015 में उन्होंने पहली बार राष्ट्रीय शिविर में जगह हासिल की थी।

रूस के खिलाफ आगामी मुकाबलों में किरण के प्रदर्शन पर फुटबॉल प्रेमियों की नजर रहेगी। भारतीय टीम में उनका चयन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है और यह प्रदेश की उभरती महिला फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।