छत्तीसगढ़ के 100 से अधिक अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा छापा, आयुष्मान भारत और स्मार्ट कार्ड में गड़बड़ी पर कार्रवाई

रायपुर (UPI24 News)। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने और योजनाओं में हो रही अनियमितताओं पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू की है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक संयुक्त टीमों ने प्रदेशभर के लगभग 100 निजी और सरकारी अस्पतालों में एक साथ दबिश दी है।
आयुष्मान भारत और स्मार्ट कार्ड में फर्जीवाड़े की शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बड़ी कार्रवाई आयुष्मान भारत योजना और स्मार्ट कार्ड के तहत फर्जी इलाज, फर्जी बिलिंग और गंभीर अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई है।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और डॉक्टरों की विशेष टीमें अस्पतालों में पहुँचकर क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के नियमों के पालन, मरीजों के इलाज से जुड़े दस्तावेज, बिलिंग रिकॉर्ड और योजना से संबंधित फाइलों की बारीकी से जांच कर रही हैं।
दस्तावेज खंगाल रही अफसरों की टीम
प्रशासनिक टीमों द्वारा अचानक की गई इस छापेमारी से फर्जीवाड़ा करने वाले अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिन अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं या फर्जीवाड़ा पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और आयुष्मान योजना से उनकी संबद्धता (Empanelment) रद्द की जा सकती है।

