नवा रायपुर में 22 सितंबर को सजेगा भव्य ‘तीज मिलन उत्सव’

रायपुर, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और तीज जैसे पारंपरिक पर्वों की आत्मीयता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से नवा रायपुर में भव्य ‘तीज मिलन उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में यह आयोजन 22 सितंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में होगा।
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष सहित कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित इस आयोजन में प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक भी तीज मिलन उत्सव में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का उत्सव मनाएंगे।
परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तिहार केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें सामाजिक जुड़ाव, भाईचारे, प्रेम और आपसी सद्भाव की भावना भी निहित है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं।
उन्होंने कहा कि तीज मिलन उत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़िया संस्कृति की विशिष्ट पहचान, लोक परंपराओं और तीजा पर्व की आत्मीयता को साझा करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्वाद के साथ लोक-संस्कृति की विविध छटा और तीजा पर्व से जुड़े पारंपरिक अनुष्ठानों की झलक देखने को मिलेगी।

