लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के नए नियम लागू: टेस्ट से पहले देखने होंगे 10 रोड सेफ्टी वीडियो, 10 में से 6 सवालों के सही जवाब जरूरी

रायपुर (21 सितम्बर 2026): परिवहन विभाग द्वारा लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस (Learning Driving License) बनवाने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। नए नियमों के तहत अब आवेदकों के लिए ऑनलाइन या टेस्ट सेंटर पर लाइसेंस टेस्ट देने से पहले सड़क सुरक्षा (Road Safety) पर आधारित 10 अनिवार्य वीडियो देखना अनिवार्य कर दिया गया है।
10 में से 6 सवालों का सही जवाब देना होगा अनिवार्य
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रोड सेफ्टी वीडियो देखने के बाद ही आवेदक टेस्ट प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। टेस्ट में पूछे गए 10 प्रश्नों में से कम से कम 6 प्रश्नों का सही उत्तर देने पर ही अभ्यर्थी को लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा। यदि कोई आवेदक 6 से कम अंक लाता है, तो उसे असफल घोषित कर दिया जाएगा और पुनः आवेदन करना होगा।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की पहल
विभाग का मुख्य उद्देश्य नए वाहन चालकों को यातायात नियमों, संकेतों और सड़क सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों का मानना है कि अनिवार्य वीडियो से चालकों में नियमों की समझ बढ़ेगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।

