15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में जड़ा अर्धशतक

बेंगलुरु। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए सूर्यवंशी ने महज 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक पूरा किया और टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में 50 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।

ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल के दूसरे दिन सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 81 गेंदों का सामना करते हुए 92 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। हालांकि वह शतक से कुछ रन दूर रह गए और हर्ष दुबे की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।

42 गेंदों में पूरी की फिफ्टी

सूर्यवंशी ने अपनी पारी की शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने केवल 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। सारांश जैन की गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने 50 रन का आंकड़ा पार किया।

अर्धशतक तक पहुंचने के दौरान सूर्यवंशी ने बाउंड्री के जरिए 38 रन जुटाए। इसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे। इसके बाद भी उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 92 रन की प्रभावशाली पारी खेली।

1969 का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

सूर्यवंशी की इस उपलब्धि ने दलीप ट्रॉफी के करीब छह दशक पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड लक्ष्मण सिंह के नाम था। उन्होंने 1969 में 16 साल 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में फिफ्टी लगाई थी।

सूर्यवंशी ने 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर लक्ष्मण सिंह का 57 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

क्वार्टर फाइनल में गेंद से भी किया था प्रभावित

दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में सूर्यवंशी बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सके थे और उनके खाते में केवल 8 रन आए थे। हालांकि गेंदबाजी में उन्होंने प्रभाव छोड़ा था। उन्होंने 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे।

ईस्ट जोन ने क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। अब सेमीफाइनल में सूर्यवंशी की 92 रन की पारी ने एक बार फिर उनकी प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी की क्षमता को सुर्खियों में ला दिया है।