जीई रोड टाटीबंध में निगम की कार्रवाई, सड़क किनारे लगे ठेले हटाए; 8 हजार का ई-जुर्माना

रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए रायपुर नगर निगम, जिला प्रशासन और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत जोन क्रमांक 8 के टाटीबंध क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने जीई रोड पर सड़क किनारे लगाए गए ठेलों को हटाया गया।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से होने वाले कब्जे को हटाकर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाना है।

एम्स अस्पताल के सामने जीई रोड, टाटीबंध क्षेत्र में नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता, जोन क्रमांक 8 की नगर निवेश टीम तथा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर कार्रवाई की। टीम ने मुख्य सड़क पर यातायात में बाधा बन रहे ठेलों को हटवाया और संबंधित संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क मार्ग पर दोबारा ठेला लगाकर आवागमन बाधित न करें।

कार्रवाई के दौरान सड़क पर कब्जा करने वाले ठेला संचालकों के खिलाफ लगभग 8 हजार रुपये का ई-जुर्माना भी लगाया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर यातायात प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के बाद जीई रोड टाटीबंध के संबंधित हिस्से में सड़क मार्ग अधिक खुला और व्यवस्थित नजर आया। इससे वाहन चालकों एवं पैदल राहगीरों को आवागमन में राहत मिली तथा सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या में तत्काल कमी आई।

नगर निगम के अनुसार शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखने और नागरिकों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित रूप से निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।