पंडरीपानी में रक्षाबंधन उत्सव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बहनों से बांधा आत्मीयता का रिश्ता, विकास कार्यों की दी सौगात

जशपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड स्थित ग्राम पंडरीपानी में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सम्मान का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। यहां आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में क्षेत्र की माताओं और बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधकर अपने स्नेह का इजहार किया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति समाज की जिम्मेदारी को याद दिलाने वाला अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि वे परिवार और समाज में अधिक सशक्त भूमिका निभा सकें।

महिलाओं के सशक्तिकरण को बताया विकास की आधारशिला

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज और प्रदेश की प्रगति में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत होती हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर दिखाई देता है। इसी सोच के साथ शासन की अनेक योजनाएं महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य को केंद्र में रखकर संचालित की जा रही हैं।

पंडरीपानी को मिली विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम पंडरीपानी में लगभग 64 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन का लोकार्पण भी शामिल रहा।

उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए सामुदायिक गतिविधियों, प्रशिक्षण, बैठक और आजीविका से जुड़े कार्यों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां महिलाओं को प्रशिक्षण, बैठक, रसोई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्व-सहायता समूहों और महिला संगठनों को अपनी गतिविधियां संचालित करने में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने फरसाबहार और भेलवा ग्राम पंचायतों में भी महतारी सदन निर्माण की घोषणा की। साथ ही मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी।

महतारी वंदन योजना से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रही हैं और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई है। त्योहार को ध्यान में रखते हुए सितंबर माह की राशि भी अग्रिम रूप से जारी की गई है, ताकि महिलाएं उत्साहपूर्वक पर्व मना सकें।

शासन सेवाओं को बनाया जा रहा अधिक सरल और पारदर्शी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य आम लोगों तक सुविधाओं को सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसी दिशा में सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के लिए अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।

महिला समूहों को मिली आर्थिक सहायता

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मोंगरा, वैष्णवी और चांद स्व-सहायता समूहों को 1.50-1.50 लाख रुपये तथा प्रतिज्ञा समूह को 1 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने का प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं। इन समूहों को आर्थिक सहायता मिलने से रोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे।

बेटियों और संपत्ति अधिकारों को मिला प्रोत्साहन

कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिकाओं को पासबुक वितरित की गईं तथा बेटियों की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।

इसके अलावा स्वामित्व योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियों को संपत्ति अधिकार संबंधी दस्तावेज भी प्रदान किए गए, जिससे उन्हें अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार और सुरक्षा प्राप्त होगी।

गोमती साय ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना और महतारी सदन जैसी पहलों को महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया।

उन्होंने पंडरीपानी में एसबीआई शाखा की शुरुआत को भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।