बिरगांव में PMAY-U 2.0 के हितग्राहियों ने फहराया तिरंगा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में दिखाई देशभक्ति

बिरगांव। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका निगम बिरगांव अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के बीएलसी (BLC) घटक के हितग्राहियों द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई।

अभियान के तहत PMAY-U 2.0 के हितग्राहियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने अपने नवनिर्मित आवासों पर गर्व से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की। इस दौरान हितग्राहियों ने तिरंगे के साथ अपनी तस्वीरें लेकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई और आसपास के नागरिकों को भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर हितग्राहियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का मकान मिलने के बाद अपने स्वयं के घर पर तिरंगा फहराना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के हितग्राहियों की इस सराहनीय पहल से ‘मेरा घर, मेरा तिरंगा’ की भावना को बल मिला है। साथ ही इससे यह संदेश भी गया कि आवास योजना के लाभार्थी केवल शासकीय योजनाओं के लाभ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़ी गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी है।