रायपुर: ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर राज्य स्तरीय आयोजन आज, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर (UPI24 News): भारत विभाजन की विभीषिका में असंख्य परिवारों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को याद करने तथा नई पीढ़ी को इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से परिचित कराने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह समारोह राजधानी रायपुर के सिविल लाइन्स स्थित मुक्ताकाशी मंच (संचालनालय पुरातत्व परिसर, लोकभवन के पास) में दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय होंगे।

विभाजन की पीड़ा और मानवीय संघर्ष पर होगा विमर्श

समारोह की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल करेंगे, जबकि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रख्यात फिल्मकार एवं अभिनेता डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विभाजन की त्रासदी को केवल इतिहास की एक घटना के रूप में नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों के साहस और नए सिरे से जीवन खड़ा करने के संघर्ष को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करना है। इस अवसर पर विभाजन की परिस्थितियों पर केंद्रित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

विभाजन से प्रभावित सिंधी, पंजाबी और बंगाली समाज के प्रतिनिधि अपने परिवारों के अनुभवों और स्मृतियों को साझा करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल होंगे।

फिल्म ‘पिंजर’ के निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी देंगे व्याख्यान

समारोह के मुख्य वक्ता डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी भारतीय इतिहास और संस्कृति को सिनेमा व टेलीविजन के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। चर्चित धारावाहिक ‘चाणक्य’ और विभाजन की त्रासदी पर बनी प्रसिद्ध फिल्म ‘पिंजर’ के निर्देशक डॉ. द्विवेदी इस दौरान विभाजन की ऐतिहासिक, सामाजिक पृष्ठभूमि और मानवीय त्रासदी पर अपने विचार रखेंगे।

कार्यक्रम में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सच्चिदानंद शुक्ल भी अपना संबोधन देंगे।

ये विशिष्ट अतिथि रहेंगे उपस्थित

इस गरिमामयी समारोह में:

  • पूज्य डॉ. युधिष्ठिर लाल महाराज (पीठाधीश्वर, पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ)

  • श्री बृजमोहन अग्रवाल (सांसद, रायपुर)

  • श्रीमती लक्ष्मी वर्मा (राज्यसभा सांसद)

  • श्री राजेश मूणत, श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री अनुज शर्मा (विधायक गण)

  • श्रीमती मीनल चौबे (महापौर, रायपुर नगर निगम)

  • श्री नवीन कुमार अग्रवाल (अध्यक्ष, जिला पंचायत रायपुर)

सहित कई जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।