रायपुर : महापौर मीनल चौबे ने प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण के लिए ‘बॉटल्स फॉर चेंज’ पहल का किया शुभारंभ
रायपुर (UPI24 News)। नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत, Young Indians और CII रायपुर चैप्टर के सहयोग से ‘बॉटल्स फॉर चेंज’ (Bottles for Change) पहल का भव्य शुभारंभ किया गया। रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने प्लास्टिक कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण और वैज्ञानिक पुनर्चक्रण (Recycling) को बढ़ावा देने वाली इस पर्यावरण-अनुकूल पहल का औपचारिक उद्घाटन किया।
शहर में स्थापित होंगे 6 प्लास्टिक बैंक
इस पर्यावरण संरक्षण पहल के तहत रायपुर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर छह ‘प्लास्टिक बैंक’ स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपना प्लास्टिक कचरा जमा कर सकेंगे:
-
नगर निगम मुख्यालय
-
आजाद चौक
-
बूढ़ा तालाब (शीतला मंदिर के पास)
-
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (गेट के आगे)
-
अनुपम गार्डन
-
महादेव घाट
46 हजार बोतलों से बनेगी अनोखी रीसायकल्ड बेंच
इस अभियान के तहत बिसलेरी द्वारा एकत्रित की गई लगभग 46 हजार प्लास्टिक की बोतलों के पुनर्चक्रण (Recycle) से एक विशेष बेंच तैयार की जाएगी। यह बेंच नगर निगम को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे नागरिकों को प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण का सीधा संदेश मिलेगा।
आवासीय कॉलोनियों और संस्थानों तक फैलेगा अभियान
पहल के अगले चरण में आवासीय कॉलोनियों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों और रेस्टोरेंट्स से भी प्लास्टिक कचरे का संग्रहण किया जाएगा। नियमित प्लास्टिक कचरा संग्रहण अभियानों के जरिए एकत्रित कचरे को सीधे रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा, जिससे लैंडफिल में जाने वाला कचरा कम होगा।
जनभागीदारी से ही संभव है स्वच्छ रायपुर: महापौर मीनल चौबे
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरे का सही प्रबंधन केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह पहल माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए ठोस कचरा प्रबंधन के निर्देशों के अनुपालन में भी अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर नगर निगम के अपर आयुक्त श्री विनोद पाण्डे, स्वच्छ भारत मिशन के कार्यपालन अभियंता श्री योगेश कडु, उप अभियंता श्रीमती कृष्णा राठी एवं श्री संस्कार शर्मा, बिसलेरी सीएसआर टीम से श्री बाला साईदाबाबू, श्री संतोष कुमार साहू तथा यंग इंडियंस-CII से श्रीमती अदिति, श्री शाहिद व श्री दीपेन सहित अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
