सीएम हाउस में पारंपरिक धूम-धाम से मनाया गया हरेली तिहार; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूजा-अर्चना कर चढ़ी गेड़ी, प्रदेश भर में अवकाश
रायपुर (UPI24 News): छत्तीसगढ़ के पहले और लोक आस्था के प्रतीक ‘हरेली तिहार’ के पावन अवसर पर नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास (सीएम हाउस) में अभूतपूर्व उत्साह और पारंपरिक धूम-धाम देखने को मिली। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी और परिवारजनों के साथ पारंपरिक विधि-विधान से हल-नांगर, रापा, कुदाली सहित सभी कृषि उपकरणों की पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली और समृद्ध फसल की कामना की।
मुख्यमंत्री ने चढ़ी गेड़ी, लोक खेलों का लिया आनंद हरेली के पारंपरिक माहौल में रंगे सीएम हाउस में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की छटा देखते ही बन रही थी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी परंपरा का निर्वहन करते हुए खुद गेड़ी चढ़कर लोक खेलों का आनंद लिया। इस दौरान लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राउत नाचा, पंथी और कर्मा नृत्य ने समां बांध दिया।
प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों में सार्वजनिक अवकाश हरेली पर्व की महत्ता और राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज 12 अगस्त को प्रदेश भर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके तहत राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी रही, जिससे आम जनमानस ने पूरे उत्साह के साथ परिवार संग त्यौहार मनाया।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपराओं और किसानों के कल्याण को सहेजने तथा उसे आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संकल्पित है।
