रायपुर: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा, छत्तीसगढ़ में बनेंगे 109 शहीद स्मारक, लगेगा QR कोड

रायपुर (UPI24 News): उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर अटल नगर स्थित महानदी भवन में नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों, पुनर्वासित युवाओं तथा माओवादी प्रभावितों को दी जा रही सहायता और सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शहीद परिवारों के कल्याण, स्मारकों के निर्माण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।

शहीद परिवारों को शत-प्रतिशत अनुकंपा नियुक्ति

समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहीद परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति की स्थिति जानी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में शहीद परिवारों को शत-प्रतिशत अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने इस पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि शहीद परिवारों के प्रति शासन की जिम्मेदारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने एसआईबी (SIB) के डैशबोर्ड को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए ताकि रियल-टाइम मॉनिटरिंग हो सके।

109 शहीद स्मारकों में लगेगा क्यूआर कोड

माओवादी हिंसा में शहीद हुए जवानों व नागरिकों की स्मृति में 109 शहीद स्मारकों का निर्माण कराया जाएगा।

  • मानक डिजाइन: सभी स्मारकों का एक मानक डिजाइन तैयार कर निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।

  • क्यूआर कोड (QR Code) तकनीक: इन स्मारकों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिन्हें मोबाइल से स्कैन करते ही संबंधित शहीद, घटना और उनके योगदान की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

विशेष अभियान और प्रमुख निर्णय

  • लंबित मामलों के लिए अभियान: राज्य निर्माण से अब तक नक्सल हिंसा से प्रभावित जिन पात्र लोगों को राहत नहीं मिली है, उनके लिए विशेष अभियान चलाकर आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

  • संस्थाओं का नामकरण: शहीदों के सम्मान में स्कूलों, चौराहों और शासकीय भवनों के नामकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।

  • पुनर्वासित युवाओं की नसबंदी खुलवाने के निर्देश: माओवादी संगठन में रहते हुए जिन युवाओं की नसबंदी कराई गई थी, उनकी नसबंदी खुलवाने (रिवर्सल) की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

  • इनाम राशि का भुगतान: पुनर्वासित युवाओं की शेष इनाम राशि का भुगतान इस माह के अंत तक करने और उन्हें कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।

  • इलवद पंचायत योजना: योजना के तहत चयनित 50 ग्रामों में बुनियादी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में गृह विभाग की प्रमुख सचिव सुश्री निहारिका बारिक, सचिव श्रीमती नेहा चंपावत, एडीजी नक्सल श्री विवेकानंद सिन्हा सहित पुलिस व प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।