सुप्रिया सुले की बेटी के वेडिंग रिसेप्शन में जुटी देश की सियासत: PM मोदी, अमित शाह और गांधी परिवार समेत कई दिग्गज पहुंचे
नई दिल्ली: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की वरिष्ठ नेता व बारामती से सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले और सारंग लखानी का भव्य वेडिंग रिसेप्शन राजधानी दिल्ली में आयोजित किया गया। इस खास मौके पर देश के लगभग सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता एक ही छत के नीचे नजर आए। राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार कर नेताओं ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी और शरद पवार की गर्मजोशी से मुलाकात
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से शिरकत की। पीएम मोदी ने नवविवाहित जोड़े रेवती सुले और सारंग लखानी से मुलाकात कर उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए बधाई दी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के पास बैठे नजर आए और दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच काफी देर तक सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई।
एनडीए और विपक्ष के प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
रिसेप्शन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। वहीं विपक्षी नेताओं में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुए।
इसके अलावा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, हरदीप सिंह पुरी, रामदास अठवाले और कई अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री व सांसद भी रिसेप्शन में पहुंचे।
सियासत से दूर दिखा पारिवारिक माहौल
आमतौर पर संसद और राजनीतिक मंचों पर एक-दूसरे के खिलाफ तीखे प्रहार करने वाले सत्तापक्ष और विपक्ष के नेता इस समारोह में एक-दूसरे से गर्मजोशी से मिलते दिखे। शरद पवार और सुप्रिया सुले ने खुद सभी अतिथियों का स्वागत किया। दिल्ली के इस भव्य आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं।
