रायपुर: असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार देगी 5 करोड़ की आर्थिक सहायता, सीएम साय ने हिमंत बिस्वा सरमा से की बात
रायपुर (UPI24 News)। असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने मानवीय संवेदना और अंतरराज्यीय सहयोग की मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता और राहत कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह राशि असम में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने असम के सीएम से फोन पर की बात
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा कर राज्य में बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लिया। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
संकट की घड़ी में असम के साथ खड़ा है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा, “प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है। राज्य सरकार हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।”
असम में आई इस प्राकृतिक आपदा के बीच छत्तीसगढ़ की ओर से दी गई यह वित्तीय सहायता प्रभावित इलाकों में पुनर्वास और बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
