फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस की चपेट में, 12 यात्री घायल
नई दिल्ली, फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान अचानक भीषण टर्बुलेंस की चपेट में आ गई, जिससे विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तेज झटकों के कारण कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर विमान की छत से टकरा गए। इस घटना में 12 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, विमान लगभग तीन मिनट तक लगातार तेज टर्बुलेंस से प्रभावित रहा। अचानक आए झटकों के कारण यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। घायलों के पैर, कंधे, गर्दन और सिर में चोटें आई हैं, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें भी बताई जा रही हैं।
हालांकि पायलट ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतार लिया। लैंडिंग के बाद घायल यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रभावित यात्रियों को आवश्यक मेडिकल सहायता दी गई है तथा घटना की समीक्षा की जा रही है। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा और उड़ान के दौरान सीट बेल्ट बांधने के महत्व पर एक बार फिर जोर दिया गया।
