प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ में गूंजा कोरबा का जल संरक्षण मॉडल, ‘कैच द रेन’ अभियान के नवाचारों की हुई सराहना
रायपुर, 26 जुलाई 2026: जल संरक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के नवाचारों और जनभागीदारी को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में कोरबा नगर पालिक निगम द्वारा ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत किए जा रहे वर्षा जल संरक्षण कार्यों का विशेष उल्लेख करते हुए इसकी सराहना की है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और निगमायुक्त श्री आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में कोरबा में जल संरक्षण को एक जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
ISRO के परामर्श से बने 10 इंजेक्ट पद्धतियुक्त रिचार्ज वेल
भूजल स्तर में सुधार के लिए एसएएम-2.0 (SAM-2.0) योजना के तहत शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (ISRO) के विशेषज्ञों की सलाह से ‘इंजेक्ट वेल पद्धति’ पर आधारित रिचार्ज वेल बनाए गए हैं। इसके माध्यम से बारिश के पानी को सीधे भूगर्भ (Groundwater) तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे पानी का अपव्यय रुक रहा है।
1,728 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट और अनिवार्य नियम
नगर निगम ने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए कुल 1,728 रेन वाटर हार्वेस्टing पिट स्थापित किए हैं:
-
शासकीय भवन: 757
-
निजी भवन: 971
इसके साथ ही, भवन अनुज्ञा विभाग द्वारा अब प्रत्येक नए भवन निर्माण की अनुमति में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य प्रावधान के रूप में लागू किया गया है। सामुदायिक भवनों, स्कूलों और आंगनबाड़ियों के 109 नए निर्माण कार्यों में भी इसे अनिवार्य किया गया है।
95 बंद पड़े बोरवेलों का री-रिचार्ज
नगर निगम क्षेत्र में स्थित 95 अनुपयोगी, क्षतिग्रस्त या ध्वस्त पड़े बोरवेलों का चिन्हांकन कर उन्हें रिचार्ज स्ट्रक्चर के रूप में विकसित करने के लिए री-ड्रिलिंग की योजना बनाई गई है।
हरित आवरण और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान
जल संरक्षण के साथ-साथ जिले में पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है:
-
पौधरोपण लक्ष्य: कोरबा वनमंडल में इस वर्ष 2.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
-
सघन अभियान: 15 सितंबर तक ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत शासकीय कार्यालयों और परिसरों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।
-
रन फॉर ग्रीन कोरबा: नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को जोड़ने के लिए 18 जुलाई को पौधरोपण दौड़ आयोजित की गई थी।
नागरिकों से जल संरक्षण की अपील
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत और निगमायुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों, दुकानों और संस्थानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाएं और पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।
