मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी पहल: कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए बनेगी समन्वित रणनीति, यूनिसेफ के सहयोग से तैयार होगी कार्ययोजना
रायपुर:
छत्तीसगढ़ को कुपोषण मुक्त बनाने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बड़ी पहल की है। मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ (UNICEF) की प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
“स्वस्थ माताएं और बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव”
बैठक में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास विभाग यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से एक परिणामोन्मुख और साझा रणनीति (Multi-Sectoral Strategy) तैयार करें, ताकि शिशु-मातृ मृत्यु दर और कुपोषण में तेजी से कमी लाई जा सके।
यूनिसेफ ने की राज्य सरकार की सराहना
मुलाकात के दौरान यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने “जय जोहार” कहकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। उन्होंने भारत में यूनिसेफ के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया। वहीं मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक ‘नंदी’ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की प्रमुख सुश्री सीमा कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
