रायपुर: कांग्रेस की न्याय पदयात्रा का समापन, राजभवन के सामने पुलिस से तीखी झूमाझटकी; राज्यपाल से नहीं हो सकी मुलाकात

रायपुर: नकटी (रायपुर) के पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही न्याय पदयात्रा का आज राजधानी में समापन हुआ। पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम राजभवन का घेराव करने पहुंचा, जिसके बाद वहां भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

बैरिकेड्स पर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच झूमाझटकी

राजभवन की ओर आगे बढ़ रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए थे। जैसे ही पदयात्रा राजभवन के करीब पहुंची, वहां लगाए गए बैरिकेड्स पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झूमाझटकी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।

राज्यपाल से नहीं हो सकी मुलाकात, धरने पर बैठे कांग्रेसी

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के बावजूद, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी। राजभवन से मुलाकात का समय न मिलने से नाराज कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लोकभवन के ठीक सामने ही सड़क पर धरने पर बैठ गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे नकटी के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अपना आंदोलन तब तक जारी रखेंगे, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।