उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया स्थल निरीक्षण, 91 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान पुसौर विकासखंड के ग्राम लोहरसिंग में आकार ले रहे भव्य इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। इस खेल परिसर का निर्माण कार्य कुछ दिनों पहले ही शुरू हुआ है, जिसके तहत प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टॉफ-रूम और पहुंच मार्ग का काम गति पर है। श्री साव ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
रायगढ़ में 91 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 34 एकड़ के विशाल भूभाग पर यह सर्वसुविधायुक्त इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक खेल परिसर रायगढ़ और पूरे अंचल के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
18 खेलों के लिए विकसित होंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
इस खेल परिसर में खिलाड़ियों के लिए इंटरनेशनल लेवल का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। यहाँ मुख्य रूप से निम्नलिखित खेलों सहित कुल 18 खेलों की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं:
-
फुटबॉल और एथलेटिक्स ट्रैक
-
सर्वसुविधायुक्त इनडोर स्टेडियम
-
मॉडर्न स्विमिंग पूल
-
हॉकी और तीरंदाजी (Archery) ग्राउंड
खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष सहयोग, खेल संघों का होगा गठन
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम श्री अरुण साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सहायक संचालक श्रीमती प्रतिमा सागर को निर्देशित किया कि जिले में जल्द से जल्द खेल संघों का गठन किया जाए। इन संघों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं और सही मंच दिया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले रायगढ़ के खिलाड़ियों को हर संभव सहायता और विशेष सहयोग प्रदान करने की बात कही।
ये रहे उपस्थित: निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री के साथ रायगढ़ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह छत्री और लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता श्री अमित कश्यप सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
