सोशल मीडिया में वॉइस नोट अपलोड कर ड्राइवर ने किया सुसाइड, पत्नी और बच्चों को दूर ले जाने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एक ड्राइवर द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आत्महत्या से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वॉइस नोट अपलोड किया, जिसमें उसने पत्नी और बच्चों को अपने से दूर ले जाने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात कही है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान हीरापुर निवासी सतबीर सिंह (पिता सुखदेव सिंह) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था। जानकारी के अनुसार शनिवार 30 जून को सतबीर सिंह ने अपनी कार में आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर आमानाका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

परिजनों के मुताबिक सतबीर लंबे समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। आरोप है कि पंजाब निवासी निशान सिंह नामक युवक उसकी पत्नी को अपने प्रभाव में लेकर बच्चों सहित अपने साथ रहने ले गया था। बताया जा रहा है कि निशान सिंह पिछले पांच वर्षों से रायपुर में किराए के मकान में रह रहा है।

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वॉइस नोट में सतबीर सिंह ने अपनी मानसिक पीड़ा व्यक्त करते हुए खुद को परेशान बताया है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

फिलहाल पुलिस वॉइस नोट, पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की जानकारी सामने आई है और मामले की जांच जारी है।

You may have missed