“रातभर दर्द से चिल्लाती रही, कोई देखने नहीं आया”: ITBP जवान की मां का आरोप, लापरवाही से काटना पड़ा हाथ
कानपुर में इलाज के दौरान कथित मेडिकल लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। ITBP जवान विकास सिंह की मां निर्मला देवी का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया, जिसके चलते संक्रमण इतना बढ़ गया कि आखिरकार उनका हाथ काटना पड़ा।
निर्मला देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 13 मई को उन्हें सांस लेने में दिक्कत के बाद टाटमिल स्थित कृष्णा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ICU में भर्ती करने के बाद उनके हाथ में वीगो लगाकर दवा चढ़ाई जा रही थी। इसी दौरान उनके हाथ में तेज दर्द शुरू हो गया।

निर्मला देवी के मुताबिक, “मैं दर्द से चिल्लाने लगी तो एक स्टाफ आया। उसने मेरा हाथ कसकर बांधा और सफेद टेप लगा दिया। कहा कि थोड़ी देर में सब ठीक हो जाएगा, फिर वहां से चला गया। लेकिन दर्द लगातार बढ़ता गया। मैं पूरी रात तड़पती रही, कोई देखने तक नहीं आया।”
उन्होंने बताया कि अगले दिन जब उनका बेटा विकास अस्पताल पहुंचा तो उनका हाथ काला पड़ चुका था। हालत बिगड़ने पर उन्हें पारस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संक्रमण फैलने के कारण हाथ काटने का फैसला लिया। निर्मला देवी का कहना है कि यदि समय रहते उनकी बात सुनी जाती और सही इलाज मिलता, तो शायद उनका हाथ बच सकता था।
ITBP जवान मां का कटा हाथ लेकर पहुंचे थे पुलिस कमिश्नर कार्यालय
घटना से आहत ITBP जवान विकास सिंह 19 मई को अपनी मां का कटा हुआ हाथ थर्माकोल बॉक्स में लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शुरुआत में कार्रवाई नहीं होने पर मामला और बढ़ गया।

इसके बाद 24 मई को ITBP के करीब 50 जवान अपने अधिकारियों के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए CMO ने दोबारा जांच कराई।
जांच में दोनों अस्पतालों की लापरवाही सामने आई
नई जांच रिपोर्ट में कृष्णा हॉस्पिटल और पारस हॉस्पिटल दोनों की लापरवाही सामने आई है। जांच टीम ने पाया कि मरीज की स्थिति गंभीर होने के बावजूद समय पर विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह नहीं ली गई। नसों में थक्के बनने से हाथ तक रक्त संचार प्रभावित हुआ और संक्रमण तेजी से फैल गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दोनों अस्पतालों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पारस हॉस्पिटल में भर्ती निर्मला देवी का बयान भी दर्ज किया है और उसका वीडियो रिकॉर्डिंग भी किया गया है।
ITBP जवानों के प्रदर्शन पर पुलिस कमिश्नर नाराज
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बड़ी संख्या में ITBP जवानों के कमिश्नरेट पहुंचने और फॉर्मेशन बनाकर खड़े होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने ITBP महानिदेशक को पत्र लिखकर संबंधित जवानों के व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि बाद में जवानों को समझाकर वहां से हटाया गया।
