रायपुर रेलवे स्टेशन पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चला ‘प्लास्टिक मुक्त स्टेशन’ अभियान
रायपुर, 26 मई 2026।
रायपुर रेलवे स्टेशन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘प्लास्टिक मुक्त स्टेशन’ स्वच्छता अभियान का उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजन किया गया। कार्यक्रम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर संपन्न हुआ, जहां पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत कुली भाइयों, स्वच्छता कर्मियों तथा रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को पर्यावरण के अनुकूल कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक के उपयोग को कम कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर शुभांगी आप्टे मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों एवं लोगों को स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया तथा अपने कर-कमलों से कपड़े के थैलों का वितरण किया।
कार्यक्रम में मंडल सर, मुख्य स्टेशन अधीक्षक रायपुर, संजय आप्टे, अर्चना जतकर एवं अपर्णा पेंडसे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने रायपुर रेलवे स्टेशन को प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का संकल्प लिया।
