अमेरिका और ईरान के बीच जंग टलने के आसार: होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर बनी सहमति; ट्रंप बोले- ‘मैं पीएम मोदी का बड़ा फैन हूँ’
वाशिंगटन/तेहरान: वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को बड़ी राहत देने वाली खबर सामने आ रही है। लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच गहराया युद्ध का संकट अब थमता नजर आ रहा है। दोनों देशों के बीच जारी भारी तनाव के बीच एक बड़ी कूटनीतिक सफलता मिली है, जहाँ दोनों पक्ष रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को दोबारा खोलने पर लगभग सहमत हो गए हैं।
शीर्ष नेताओं की अंतिम मंजूरी का इंतजार
इस ऐतिहासिक समझौते के मसौदे को तैयार कर लिया गया है, हालांकि इस पर आधिकारिक मुहर लगना अभी बाकी है। इस समझौते पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की अंतिम मंजूरी मिलना शेष है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बेहद संवेदनशील मुद्दे पर सधे हुए अंदाज में बयान देते हुए कहा है कि वे इस मामले में कोई जल्दबाजी नहीं करेंगे और पूरी गंभीरता के साथ कदम आगे बढ़ाएंगे।
“मैं भारत का बड़ा फैन हूँ” – ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ
इसी बीच एक प्रेस वार्ता के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी विशेष जिक्र किया। ट्रंप ने पीएम मोदी की सराहना करते हुए उन्हें अपना एक बेहतरीन और अच्छा दोस्त बताया। ट्रंप ने खुले तौर पर कहा कि वे भारत के बहुत बड़े फैन हैं, जिसके बाद इस पूरे घटनाक्रम में भारत की वैश्विक भूमिका की चर्चा भी तेज हो गई है।
