देश में आज से ‘नौतपा’ की शुरुआत, भीषण गर्मी का रेड अलर्ट; कई राज्यों में पारा 45°C के पार, ब्रह्मपुरी सबसे गर्म

देश के एक बड़े हिस्से में आज से साल के सबसे गर्म 9 दिन यानी ‘नौतपा’ की शुरुआत हो चुकी है। सूरज के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही धरती तपने लगी है और मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का अलर्ट जारी किया है। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य इस समय भयंकर गर्मी की चपेट में हैं।

महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी देश में सबसे गर्म, तापमान 47.2°C रिकॉर्ड

नौतपा के पहले ही दिन देश के कई शहरों में रिकॉर्डतोड़ गर्मी दर्ज की गई है। महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी इलाका 47.2°C अधिकतम तापमान के साथ पूरे देश में सबसे गर्म स्थान रहा। भीषण गर्मी के चलते इन इलाकों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हीटवेव का भयंकर प्रकोप

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में हीटवेव (लू) का भयंकर प्रकोप देखा जा रहा है। स्थिति यह है कि अकेले उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में पारा 45°C के आंकड़े को पार कर चुका है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी तापमान 45°C दर्ज किया गया है, जिससे लोग हलाकान हैं।

डॉक्टरों की सलाह: दोपहर में निकलने से बचें

नौतपा के दौरान चलने वाली गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है:

  • दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

  • शरीर में पानी की कमी न होने दें, लगातार पानी, ओआरएस (ORS), या नींबू पानी पीते रहें।

  • बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को सूती कपड़े से ढककर रखें।

You may have missed