रायपुर में शुरू होगा ‘सुशासन तिहार’, 11 मई से सभी 10 जोनों में लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर

Raipur नगर निगम क्षेत्र में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘सुशासन तिहार’ अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत 11 मई से नगर निगम के सभी 10 जोनों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

अभियान के अंतर्गत पानी, सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट, नाली, राजस्व, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास, कर संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का समाधान एक महीने के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

निगम अधिकारियों के अनुसार शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविरों में शिकायत दर्ज करने के साथ-साथ मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि ‘सुशासन तिहार’ का उद्देश्य शासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा नागरिक सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को पारदर्शी एवं त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और शासन की इस पहल का लाभ उठाएं।

ऐसे चलेगा शिविरों का शेड्यूल

11 मई: जोन-3, सिंधु भवन शंकरनगर

14 मई: जोन-4, इंडोर स्टेडियम बूढ़ापारा

18 मई: जोन-5, महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन अश्वनी नगर

19 मई: जोन-1, मारुति मंगलम भवन गुढ़ियारी

20 मई: जोन-6, संजय यादव स्कूल संजय नगर

22 मई: जोन-2, शहीद स्मारक भवन जीई रोड

25 मई: जोन-8, अग्रसेन भवन टाटीबंध

28 मई: जोन-7, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम

29 मई: जोन-9, पॉम बेलाजियो के सामने गारमेंट फैक्ट्री परिसर

5 जून: जोन-10, देवपुरी धर्मशाला कमल विहार गेट के पास