बारिश पूर्व नाला सफाई अभियान तेज, वार्ड 54 में जेसीबी से कराया गया सफाई कार्य
रायपुर।
रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 10 अंतर्गत कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड क्रमांक 54 में आगामी मानसून को देखते हुए नाला सफाई अभियान तेज कर दिया गया है। वार्ड पार्षद श्रीमती सुषमा तिलक साहू ने कविता नगर बोरियाखुर्द क्षेत्र में नाले की स्थिति का निरीक्षण कर बारिश पूर्व सफाई कार्य करवाया।
पार्षद श्रीमती सुषमा तिलक साहू ने जोन 10 जोन कमिश्नर श्री मोनेश्वर शर्मा से चर्चा कर जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अमित बेहरा को तत्काल मौके पर बुलवाया। इसके बाद जोन स्वास्थ्य विभाग की ओर से जेसीबी मशीन लगाकर कविता नगर बोरियाखुर्द नाले की व्यापक सफाई करवाई गई।
सफाई कार्य के दौरान नाले से गाद एवं अवरोध हटाकर गंदे पानी के सुगम निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पार्षद ने कहा कि समय रहते नाले की सफाई होने से आगामी बारिश के दौरान नाला ओवरफ्लो होने और जलभराव जैसी समस्याओं से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी बारिश पूर्व कराए गए सफाई कार्य की सराहना करते हुए निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
