बीजापुर कलेक्टर बनने पर निगम आयुक्त विश्वदीप को भावभीनी विदाई, गुढियारी आगजनी में साहसिक कार्य की सराहना
रायपुर।
रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप को बीजापुर जिले के नए कलेक्टर के रूप में नियुक्ति मिलने पर आज रेडक्रॉस सभाकक्ष में भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित जिला प्रशासन एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी को सदैव जनता के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे जिले, जिसे भारत सरकार द्वारा नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है, वहां विकास और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री विश्वदीप अपने कार्यों से बीजापुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता बेहद आवश्यक होती है। कई बार सौम्यता तो कई बार कठोर निर्णय लेने की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने निगम आयुक्त श्री विश्वदीप की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि लगभग 28 माह 3 दिन के कार्यकाल में उन्होंने अनेक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों को जनहित और तत्परता के साथ निभाया।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने गुढियारी आगजनी घटना का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में श्री विश्वदीप ने अपनी जान की परवाह किए बिना अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर ऑयल से भरे टैंकर के ढक्कन हटाने का साहसिक कार्य किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि राजधानी की जनता उनके कार्यों को लंबे समय तक याद रखेगी।
अपने उद्बोधन में निगम आयुक्त श्री विश्वदीप ने कहा कि रायपुर में कार्य करने का अनुभव अत्यंत महत्वपूर्ण और सीख से भरा रहा। जिला पंचायत सीईओ तथा निगम आयुक्त के रूप में कार्य करते हुए उन्हें प्रशासनिक कार्यों की व्यापक समझ मिली। उन्होंने लोकसभा, विधानसभा उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव एवं एसआईआर जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यों को पूरी टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न करने का अनुभव साझा किया।
उन्होंने कहा कि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं पूरे जिला प्रशासन के साथ कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने का अवसर मिला, जिसका अनुभव बीजापुर में नई जिम्मेदारी निभाने में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार विश्वरंजन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
