संबित मिश्रा: फील्ड में एक्टिव, फैसलों में तेज; रायपुर निगम को मिला नया “ऑलराउंडर” कमिश्नर
रायपुर।
छत्तीसगढ़ कैडर के 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। जमीनी प्रशासन, तेज फील्ड मॉनिटरिंग और तकनीकी समझ रखने वाले युवा अधिकारी के रूप में पहचान बना चुके संबित मिश्रा की नियुक्ति को राजधानी रायपुर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मूलतः ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के निवासी संबित मिश्रा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 51वीं रैंक हासिल कर आईएएस सेवा में स्थान बनाया था। उन्होंने आईआईटी कानपुर से बीटेक तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से पब्लिक मैनेजमेंट में एमए किया है। प्रशासनिक हलकों में उन्हें तकनीकी दृष्टिकोण रखने वाले सक्रिय और परिणाम आधारित अधिकारी के रूप में देखा जाता है।
संबित मिश्रा ने अपने प्रशासनिक करियर में नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में काम करने का व्यापक अनुभव हासिल किया है। रायगढ़ नगर निगम आयुक्त, जशपुर जिला पंचायत CEO और कोरबा जिला पंचायत CEO जैसे अहम पदों पर रहते हुए उन्होंने कई विकासात्मक और प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी तरीके से संचालित किया।
बीजापुर कलेक्टर के रूप में उनका कार्यकाल विशेष रूप से चर्चा में रहा। नक्सल प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक पहुंच मजबूत करने के लिए उन्होंने कई पहल कीं। दूरस्थ बांगोली गांव तक पैदल पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करने की उनकी कार्यशैली को काफी सराहा गया था। स्थानीय समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और मौके पर समाधान निकालने की उनकी शैली ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई।
अब राजधानी रायपुर नगर निगम की कमान संभालने के बाद उनके सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी। शहर की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, ट्रैफिक प्रबंधन, जलभराव, अवैध निर्माण, संपत्ति कर वसूली और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की मॉनिटरिंग जैसे मुद्दे प्राथमिकता में रहेंगे। माना जा रहा है कि संबित मिश्रा फील्ड विजिट, डिजिटल मॉनिटरिंग और जवाबदेही आधारित कार्यप्रणाली के जरिए निगम प्रशासन में नई गति लाने का प्रयास करेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राजधानी में उनकी नियुक्ति को केवल एक नियमित प्रशासनिक बदलाव नहीं बल्कि कार्यशैली में बदलाव के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। युवा, ऊर्जावान और फील्ड-केंद्रित अधिकारी होने के कारण उनसे नगर निगम के कामकाज में अधिक सक्रियता और त्वरित निर्णय प्रक्रिया की उम्मीद की जा रही है।
बता दें कि उनकी पत्नी प्रतिष्ठा ममगाईं वर्तमान में बेमेतरा जिले की कलेक्टर के रूप में पदस्थ हैं। छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा में यह दंपत्ति युवा और प्रभावी अधिकारियों की सूची में गिना जाता है।
