आयुक्त विश्वदीप ने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की पुख्ता तैयारी करने दिए सख्त निर्देश
रायपुर – आज रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त विश्वदीप ने नगर निगम मुख्यालय भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2026 की रायपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियों के सम्बन्ध में आवश्यक बैठक लेकर सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों सहित समस्त सफाई ठेकेदारों को राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सुधारने के सम्बन्ध में सख्त निर्देश दिए. आयुक्त ने निर्देश दिए कि अगले 15 दिन प्रतिदिन सफाई अमला फील्ड पर उतरकर तालाबों, उद्यानों, नालियों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए सफाई करवाए
आयुक्त ने कहा कि कहीं पर भी कूड़े का ढेर नहीं दिखना चाहिए. नालियों की सफाई करवाने के बाद 24 घण्टे के भीतर नाली से बाहर निकाला गया कचरा उठवाना आवश्यक रूप से सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी स्वच्छता निरीक्षकों के साथ मिलकर सुनिश्चित करवाएं, ताकि नाली सफाई के बाद सड़क पर कचरा पड़ा ना दिखे.
आयुक्त श्री विश्वदीप ने निर्देश दिए कि निदान 1100 एवं अन्य हेल्पलाइन में आने वाली स्वच्छता सम्बंधित सभी जनशिकायतों को सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक गंभीरता के साथ लेवें और सभी सफाई जनशिकायतों का त्वरित निदान करवाएं.
आयुक्त ने निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों में सफाई ठेका कामगारों की एवं सभी नियमित सफाई कामगारों की फील्ड पर शत – प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए. निर्धारित संख्या से कम संख्या में सफाई कामगार ड्यूटी पर मिलने सफाई कार्य में लापरवाही और अनुबंध शर्तों का पालन नहीं किया जाना पाए जाने पर सम्बंधित सफाई ठेकेदार का ठेका तत्काल निरस्त करने और उनका नाम नगर निगम की काली सूची में डालने की कड़ी नियमनुकूल कार्यवाही की जाएगी. वहीं लचर सफाई व्यवस्था मिलने पर सम्बंधित जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक जिम्मेदार रहेंगे और उन पर नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी.
आयुक्त श्री विश्वदीप ने निर्देश दिए कि अगले 15 दिन तक नगर निगम मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग और सभी 10 जोनों के स्वास्थ्य विभाग का पूरा स्वच्छता अमला फील्ड में उतरकर राजधानी रायपुर शहर को स्वच्छ बनाये और सतत मॉनिटरिंग करके सफाई करवाए और नागरिकों के मध्य लगातार सफाई को लेकर वार्ड पार्षद जनप्रतिनिधियों से समन्वय रखकर स्वच्छता जनजागरण अभियान चलाया जाना सुनिश्चित करे. सफाई व्यवस्था सुधारने कोई कोताही कदापि सहन नहीं की जाएगी. आयुक्त विश्वदीप द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की तैयारी पर ली गयी समीक्षा बैठक में नगर निगम अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ तृप्ति पाणीग्रही, स्वच्छ भारत मिशन नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता योगेश कडु सहित सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण, स्वच्छता निरीक्षकगण, वार्ड सफाई सुपरवाइजरों सभी सफाई ठेकेदारगणों की नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में उपस्थिति रही.
