रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में “वाटर फॉर ऑल” अभियान पर विशेष जोर
नियमित मॉनिटरिंग से नागरिकों को मिल रही राहत
रायपुर।
जिला प्रशासन के निर्देशन में रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में “वाटर फॉर ऑल” अभियान का सख्ती से क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शहर के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नागरिकों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
अभियान के प्रभावी संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित स्थलीय निरीक्षण, “वाटर फॉर ऑल” स्टीकर का सत्यापन तथा प्रतिष्ठानों से शपथ-पत्र प्राप्त करने की कार्यवाही सतत रूप से की जा रही है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक प्रतिष्ठान में अभियान का स्टीकर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो और ग्राहकों को बिना किसी शुल्क के स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
नियमित निगरानी और सघन कार्रवाई के परिणामस्वरूप अब रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट्स में नागरिकों को सहज रूप से निःशुल्क शुद्ध पेयजल मिल रहा है। इस पहल से आम नागरिकों को विशेष राहत मिली है तथा जनहित में चलाए जा रहे इस अभियान को सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि “वाटर फॉर ऑल” अभियान की मॉनिटरिंग निरंतर जारी रहेगी। किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
