छत्तीसगढ़ बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी, 46 हजार में से 31 हजार ने दी परीक्षा

छत्तीसगढ़ में बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने यह परीक्षा 29 मई को आयोजित की थी। इस परीक्षा के लिए 46 हजार छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से 31 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 15 हजार अनुपस्थित रहे।

व्यापमं ने परीक्षा का अंतिम उत्तर और रिजल्ट जारी कर दिया है। अभ्यर्थी व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

प्रदेश में बीएससी नर्सिंग की करीब 7,500 सीटें हैं। इस बार प्रवेश परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या पिछले साल की तुलना में बढ़ी है। पिछली बार 56 हजार ने आवेदन किया था, जिनमें से 27,884 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे।

इस प्रवेश परीक्षा के आधार पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए एडमिशन दिए जाएंगे। काउंसिलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है, जिससे ज्यादातर सीटें समय पर भर जाएंगी।