ISS से लौटे एस्ट्रोनॉट शुभांशु ने बेटे को उठाया गोद में, लिखा– घर जैसा कुछ नहीं
18 दिन अंतरिक्ष में बिताने के बाद धरती पर लौटे लखनऊ के एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने बुधवार को पत्नी कामना और 6 साल के बेटे किआश से मुलाकात की। एयरक्राफ्ट से उतरते ही शुभांशु ने अपनी पत्नी को गले लगाया और बेटे को गोद में उठा लिया।
शुभांशु ने इस पल की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा–
“अंतरिक्ष की उड़ान अद्भुत होती है, लेकिन लंबे समय बाद अपनों से मिलना भी उतना ही अद्भुत होता है। धरती पर लौटकर जब परिवार को गले लगाया, तो लगा जैसे सच में घर आ गया।”
उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष यात्रा से पहले उन्हें करीब 2 महीने क्वारंटीन में रहना पड़ा। इस दौरान परिवार से 8 मीटर की दूरी बनाए रखनी होती थी। बेटे किआश को समझाया गया था कि उसके हाथों में कीटाणु हो सकते हैं, इसलिए वह पापा को नहीं छू सकता। शुभांशु ने लिखा:
“हर बार मेरा बेटा मां से मासूमियत से पूछता– क्या मैं अब हाथ धोकर पापा को छू सकता हूं?”

स्पेस मिशन से पहले एस्ट्रोनॉट को क्वारंटीन किया जाता है ताकि इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में किसी तरह के बैक्टीरिया या वायरस न पहुंचें। शुभांशु एक्सियम मिशन 4 का हिस्सा थे।
25 जून को वे और उनकी टीम अंतरिक्ष के लिए रवाना हुई और 26 जून को भारतीय समय अनुसार शाम 4:01 बजे ISS पहुंची। वहां 18 दिन रहने के बाद 15 जुलाई को कैलिफोर्निया के तट पर सुरक्षित लैंडिंग की गई।
शुभांशु ने इंस्टाग्राम पोस्ट में यह भी लिखा–
“आज ही किसी प्रियजन को खोजें और उन्हें बताएं कि आप उनसे प्यार करते हैं। हम अक्सर जीवन की व्यस्तता में भूल जाते हैं कि हमारे जीवन में लोग कितने महत्वपूर्ण हैं। स्पेस मिशन जादुई होते हैं, लेकिन उन्हें इंसान ही जादुई बनाता है।
